सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिले में शारदा और घाघरा नदियों के बढ़ते जलस्तर से लहरपुर तहसील क्षेत्र में बाढ़ का संकट गहरा गया है। तहसील के करीब 4-5 गांवों के संपर्क मार्ग जलमग्न हो चुके हैं और पानी घरों तक पहुंच गया है। आवागमन ठप होने से ग्रामीणों को भोजन और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हालात का जायजा लेने कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही सोमवार शाम कार्यकर्ताओं के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर बेलवा ढींगरा, भड़फर, मझारी करिंदा, मझारी पासीन और तेजवापुर समेत अन्य प्रभावित इलाकों में पहुंचे।
मंत्री ने राहत शिविरों में भोजन की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। संक्रामक बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल दवाएं और स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह उनके साथ है और राहत कार्यों में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।


0 टिप्पणियाँ